बिजली की चपेट में आने से मृतक शरद यादव की फाइल फोटो।संवाद
अथरहा गांव के भटवलिया टोला की घटना
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पडरौना। हाटा कोतवाली क्षेत्र के गांव अथरहा गांव के भटवलिया टोला में बुधवार की रात 25 वर्षीय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। इससे युवक की मौत हो गई।
इस गांव के शरद यादव पुत्र दूधनाथ यादव बीती रात अपने ही घर में मोटर का तार ठीक कर रहे थे कि करंट की चपेट में आ गए। वह घटनास्थल पर ही गिर गए। गिरने से उनके सिर में भी गंभीर चोट आ गई! परिजन तत्काल हाटा सीएचसी ले गए, जहां डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में शरद की मौत हो गई।
शरद यादव की शादी अभी पिछले 15 मई को रामकोला क्षेत्र के परसौनी गांव के निवासी नंदू यादव की पुत्री सरिता से हुई थी। एक माह पांच दिन में ही सरिता की मांग उजड़ गई! इस दुखद घटना से उनके परिवार में गम का माहौल है। गांव के बगल से बहने वाली छोटी गंडक नदी के अथरहा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।