पडरौना। कोतवाली पडरौना क्षेत्र के खिरकिया चौराहे पर बाजार करने गए एक युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड से युवक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग बचाने पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
खिरकिया गांव निवासी सुन्नी यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह बाजार करने खिरकिया चौराहे पर गया था। इसी दौरान मनीष यादव अपने चार-पांच साथियों के साथ वहां पहले से मौजूद था। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर उस पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। धारदार हथियार और लोहे की रॉड से किए गए वार में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
पीड़ित के मुताबिक, शोर सुनकर आसपास के लोग उसे बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसने तहरीर में आरोपियों पर पहले भी मारपीट और विवाद करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह को सौंपी है।