सलेमगढ़। निर्माणाधीन ओवरब्रिज सलेमगढ़ के पूर्वी कट पर सोमवार सुबह आगे चल रही कंटेनर ट्रक के अचानक ब्रेक मारने की एक लग्जरी बस उससे टकरा गई। हादसे में बस सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में एक चालक, खलासी समेत तीन लोग मौजूद थे। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर आवागमन ठप रहा।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जयपुर की लग्जरी बस बंगाल के कूच बिहार से यात्रियों को छोड़कर लौट रही थी। कंटेनर ट्रक के अचानक ब्रेक लेने पर डबल डेकर बस उससे टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कंटेनर ट्रक चालक मौके से भागने में सफल रहा। घायल युवक को पुलिस ने एनएचआई एंबुलेंस से तमकुहीराज भेजा।
बाद में उसे मेडिकल कॉलेज पडरौना में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बस का इंजन खराब होने के कारण बिहार से उत्तर प्रदेश आने वाला मार्ग घंटों तक जाम रहा। बस को किनारे करने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका। घायल युवक की पहचान बिहार के छपरा जिले के कुचीया मठ गांव निवासी विशाल पासवान के रूप में हुई है। विशाल की (26) वर्ष है और वह जयपुर जाने के लिए छपरा के पास बस में सवार हुआ था। वह बस के आगे केबिन में बैठा था, जिसके कारण उसे चोटें आईं। गनीमत रही कि बस बंगाल से खाली आ रही थी। बस के चालक और सह-चालक को कोई चोट नहीं आई।
थानाध्यक्ष नीतिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। हाईवे पर दुर्घटना के कारण बिहार से उत्तर प्रदेश आने वाला मार्ग करीब एक घंटे जाम रहा, दोनों वाहनों को हटवाकर आवागमन शुरू कराया गया।