छितौनी। बीते बुधवार की दोपहर सड़क हादसे में घायल हुए युवक की बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका इलाज गोरखपुर एम्स में चल रहा था। मृतक की छह फरवरी को शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, इधर उनके मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नरकहवा स्कूल टोला निवासी सरतेज कुशवाहा (22) बुधवार दोपहर करीब तीन बजे बेलवनिया से एक बोरी सीमेंट बाइक पर लादकर घर लौट रहे थे। अभी वे नरकहवा गांव के पास पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक ने उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जाने की सलाह दी। लेकिन परिजन उन्हें गोरखुपर एम्स ले गए, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह उनकी मौत हो गई। मृतक सरतेज की पिता की तबीयत खराब होने पर वे कुछ दिन पहले अहमदाबाद से घर आए थे। पांच भाईयों में चौथे नंबर के सरतेज अहमदाबाद में के फाइबर कंपनी में काम करते थे। उनका विवाह छह फरवरी को होना था। परिवार में उनके विवाह की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान उनकी मौत से परिवार में सन्नाटा पसरा है।