कप्तानगंज। स्थानीय ब्लॉक सभागार में ब्लाॅक प्रमुख विशाल सिंह की अगुवाई में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। बैठक में कुल 22.80 करोड़ रुपये की कार्य योजनाओं पर चर्चा हुई। गांवों के विकास कार्यों व विभिन्न योजनाओं जुड़े मामले शामिल रहे।
बैठक में बीडीओ अमरनाथ पांडेय ने बताया कि राज्य वित्त योजना के तहत शासन से तीन करोड़ 57 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। इसमें से दो करोड़ 69 लाख रुपये विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में खर्च किए गए हैं। इसमें अभी 87 लाख 57 हजार रुपये अवशेष पड़े हैं। वहीं केंद्रीय वित्त में दो करोड़ 11 लाख रुपये प्राप्त हुई थी। इसमें से एक करोड़ 10 लाख रुपये खर्च हुई है जबकि एक करोड़ से अधिक धनराशि बची हुई है।
बताया कि 12 मुख्यमंत्री आवास और तीन अंत्येष्टि स्थल निर्माणाधीन हैं। मनरेगा के तहत आठ करोड़ लाख रुपये खर्च हुए हैं। क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत क्षेत्र में संयुक्त रूप से 10 करोड़ रुपये की लागत से परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। वहीं, केंद्रीय वित्त व राज्य वित्त से दो करोड़ 80 लाख की योजनाओं के भी बारे में बताया गया।
ब्लॉक प्रमुख विशाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र पंचायत के समग्र विकास को लेकर किए गए प्रयासों के सार्थक परिणाम मिले हैं। देश के विकास की प्रथम नींव ग्रामीण क्षेत्र का विकास होता है। इसके पूर्व क्षेत्र पंचायत की बैठक में पिछली कार्रवाई की पुष्टि की गई। इस दौरान कृषि, कृषि सुरक्षा, खाद बीज की उपलब्धता,पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छता, शौचालय निर्माण,जल निकासी आदि की जानकारी दी गई।
इस मौके पर एडीओ प्रमोद कुमार सिंह,जेई संतोष राय, एपीओ अमित भार्गव, दिनेश सिंह ,वरिष्ठ लिपिक अखिलेश कुमार सिंह,वीरेंद्र गुप्ता, छोटे लाल आदि मौजूद रहे।