रामकोला। स्थानीय थाना क्षेत्र के चंद्रपुर लक्षिया गांव में मंगलवार सायं करीब चार बजे 25 वर्षीय महिला अपने छत पर सिलाई मशीन से काम करने के गई तो उसी दौरान सांप ने उसकी अंगुली में डंस लिया। अक्सर विषैले सर्प को देखकर जहां लोगों के पसीने छूट जाते हैं वहीं महिला ने साहस का परिचय देते हुए हिम्मत के साथ उस सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दी। फिर डिब्बे में सर्प को लेकर घर से तीन किलोमीटर दूर सीएचसी में इलाज कराने पहुंची। जानकारी के अनुसार चंद्रपुर लक्षिया गांव की रहने वाली सुमन गुप्ता अपने छत पर रखे गए सिलाई मशीन से कोई काम करने गई थी।
इस दौरान सिलाई मशीन में लिपटा हुआ विषैला सांप उसकी अंगुली में काट लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए उस सांप को पकड़ा तो वह अन्य जगहों पर भी काट लिया, लेकिन महिला हिम्मत नहीं हारी और सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दी। महिला सर्प को डिब्बे में लेकर रामकोला सीएचसी पर इलाज करने के लिए पहुंची। वह चिकित्सकों को उस सांप को दिखाया। यह करैत सांप था जो कि कोबरा से भी जहरीला होता है। रामकोला सीएचसी पर डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू कर दिया। वहां इलाज के उपरांत महिला को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।