सुकरौली। हाटा कोतवाली के गांधीनगर वार्ड स्थित एक हार्डवेयर व पेंट की दुकान में शनिवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान में रखा पेंट, प्लास्टिक का पाइप व पुट्टी जल गए। सुकरौली कस्बे के अर्जुन गुप्ता की पेंट व हार्डवेयर की दुकान है। हर रोज की तरह शनिवार को दुकान बंद कर घर चले गए। शनिवार की रात लगभग आठ बजे दुकान बंद कर पीछे बने मकान में चले गए। रात में लगभग दस बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा।
दुकान के अंदर से सामान जलने की गंध व धुआं निकलने की सूचना अगल बगल के लोगों ने दुकान स्वामी को दी। अर्जुन ने बताया कि दुकान खोल कर जब अंदर गया तो दुकान के पीछे गोदाम में आग लगने से पूरा धुआं भर गया था।
मेन स्विच से बिजली काटने के बाद अगल बगल के लोगों के सहयोग से आग बुझाया गया। जब तक आग बुझी तब तक अंदर रखा लगभग साठ गैलन विभिन्न कम्पनियों के पेंट, तारपीन तेल, प्लास्टिक की पाइप, टंकी व दर्जनों बोरी पुट्टी जलकर राख हो चुकी थी। गोदाम में बचा अन्य सामान भी आधा अधूरा जल जाने से किसी काम का नहीं है।