पडरौना। नगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड के बंधुछपरा पंचायत टोला में 16 लाख रुपये से आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे वार्डवासियों सहित राहगीरों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी।
नगरपालिका के विस्तारीकरण के चलते इस गांव के लोग आवागमन व जल निकासी के लिए नाली निर्माण कराए जाने की मांग कर रहे थे। नगरपालिका का कहना है कि विस्तारीकरण में आए गांवों के विकास को लेकर काम तेजी से कराए जाएंगे, ताकि वहां के लोगों को भी शहर के मुताबिक मूलभूत सहित अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा सके। इसमें मूलभूत सुविधाओं को प्रथम फेज में रखकर पूरी तरह संतृप्त किए जाने का प्रावधान किया गया है। लाईट,सड़क,पेयजल व जलनिकासी को प्रमुखता से रखा गया है।
चेयरमैन विनय जायसवाल ने कहा कि विस्तार की जद में आए सभी गांवों को शहरों जैसी सुविधाओं से लैस करना पहली प्राथमिकता है। एक-एक कर सभी को संतृप्त करना ही लक्ष्य है। वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं दिलाए जाने के लिए नगरपालिका प्रशासन संकल्पित है। इसमें किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।