संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘महिला सशक्तीकरण’ और ‘दहेज प्रथा’ जैसे विषयों पर नाटक प्रतियोगिता हुई, जबकि ‘वैश्विक युद्ध की चुनौतियां एवं परिणाम’ पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित नाटक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और दहेज प्रथा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नाट्य मंचन किया। इसी क्रम में ‘वैश्विक युद्ध की चुनौतियां एवं परिणाम’ विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 18 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि मंच पर प्रस्तुति देने से झिझक दूर होती है और व्यक्तित्व निखरता है।