पकड़ियार बाजार। बरसात में छोटी गंडक पर पीपे का पुल हटते ही दो जनपदों के दो दर्जन गांवों ग्रामीणों का सीधा रास्ता बंद हो जाता था और उन्हें घुघली होकर लंबा चक्कर काटना पड़ता था। अब यह मजबूरी खत्म होने जा रही है। मड़ार बिंदवलिया के क्रांति चौराहे के पास छोटी गंडक पर पक्का पुल बनेगा। शासन ने लघु सेतु के निर्माण के लिए 6 करोड़ 21 लाख 86 हजार रुपये मंजूर किए हैं। पुल बनने से कुशीनगर और महराजगंज के करीब दो दर्जन गांव सीधे जुड़ेंगे और ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मड़ार बिंदवलिया गांव के क्रांति चौराहे के पास छोटी गंडक नदी दोनों जनपदों के ग्रामीणों के आवागमन में वर्षों से बाधा बनी हुई है। पहले नदी पार करने के लिए ग्रामीणों को नाव का सहारा लेना पड़ता था। वर्ष 2014 में तत्कालीन विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की पहल पर यहां पीपा पुल स्वीकृत हुआ था। इससे आवागमन तो आसान हुआ लेकिन बरसात शुरू होते ही सुरक्षा के मद्देनजर पीपे का पुल हटा दिया जाता है। इसके बाद लोगों को घुघली होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वर्तमान विधायक विवेकानंद पांडेय से पक्के पुल की मांग की थी। विधायक की पहल के बाद शासन ने राज्य योजनांतर्गत पुल निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की है। प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ की ओर से स्वीकृति संबंधी पत्र जारी किया गया है। पुल निर्माण की स्वीकृति मिलते ही शासन की तरफ से नामित कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी ने पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों की मानें तो यदि सबकुछ ठीक रहा तो अक्तूबर के अंत तक पुल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
तीन मीटर चौड़ा व 18 मीटर लंबा होगा पुल
पीडब्ल्यूडी के जेई जयचंद शर्मा ने बताया कि क्रांती चौराहे के पास प्रस्तावित पुल तीन मीटर चौड़ा और 18 मीटर लंबा होगा। पुलिस निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए विभाग की तरफ से जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
0
जुड़ेंगे दोनों जनपदों के गांव
मड़ार बिंदवलिया गांव के क्रांति चौराहे के पास छोटी गंडक नदी पुल बनने से कुशीनगर के मड़ार, कुर्मी पट्टी, रायपुर फुलवारी, रायपुर खास, रायपुर भैंसही और देवतहा के साथ महराजगंज जिले के सिहरवानी, रानीपुर, महुअवा, अहीरौली, शेषपुर, मुडेरी और तिलकवनिया समेत करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। नदी के दोनों ओर खेती करने वाले किसानों को भी खेतों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने की जानकारी होने पर क्षेत्र के सिब्बन शर्मा, विजेंद्र तिवारी, रविंद्र दूबे, आशुतोष पांडेय, तुफानी प्रसाद, ग्राम प्रधान रविंद्र यादव आदि ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
लोग बोले-समय की होगी बचत
मड़ार बिंदवलिया गांव के क्रांति चौराहे के पास छोटी गंडक नदी पर पुल बनने से दोनों जनपदों के लोगों को काफी लाभ होगा। खेती-किसानी के साथ दोनों तरफ के गांव आवागमन के साधनों से सीधे जुड़ जाएंगे। पुल बनने से अपनों से मिलने में समय और पैसे दोनों की बचत होगी। -कृष्ण मुरारी पांडेय, निवासी, मड़ार बिंदवलिया।
0
महराजगंज के सिसवा बाजार जाने के लिए अभी घुघली होकर जाना पड़ता है। इससे अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बनने के बाद यह चक्कर खत्म होगा। नदी पार के गांव सीधे सड़क मार्ग से जुड़ेंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। -सत्यनारायण कुशवाहा, निवासी, रायपुर भैंसही।
0
मड़ार बिंदवलिया गांव के क्रांति चौराहे के पास छोटी गंडक नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिली है। शासन की तरफ से पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 21 लाख 86 हजार रुपये मंजूर किए गए मिली हैं। पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -मुकेश वर्मा, एई, पीडब्ल्यूडी।