कसया। नगर पालिका परिषद कुशीनगर क्षेत्र में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही घटनाओं से नगरवासी दहशत में हैं। ताजा मामला मंगलवार को वार्ड नंबर 15 वीर सावरकर का है, जहां मदरसा से पढ़कर घर लौट रही दो मासूम बच्चियों पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया।
हमले में अलिफा (9) पुत्री साहलाम और जुबैदा (8) पुत्री मुस्तफा निवासी वार्ड नंबर 15 वीर सावरकर घायल हो गईं। बच्चियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बंदर वहां से भाग निकला।
परिजन दोनों बच्चियों को तत्काल इलाज के लिए कसया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
बताया जा रहा है कि नगर के कई वार्डों में पहले से ही बंदरों का आतंक बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।