अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के तुर्कडीहा गांव में जमीन के नाम पर पैसे का लेन-देन व्यासमुनि गुप्ता (50) की मौत का कारण बन गया। आरोप है कि पैसे वापस करने के दबाव में जहरीला पदार्थ खा लिया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
व्यासमुनि गुप्ता ने कुछ माह पहले अपनी ही जमीन बेचने के नाम पर कई लोगों से पैसा लिया था, लेकिन बैनामा नहीं किया। लोग लगातार पैसे की मांग कर रहे थे। इसी तनाव में सोमवार कोउन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। उनके पुत्र अरुण उर्फ गोलू गुप्ता उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए। सोमवार रात करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। मामले में पहले से ही पुलिस में शिकायत दर्ज थी।
गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण टोला ककरहिया के शेषनाथ निषाद ने पांच जनवरी को अहिरौली बाजार थाने में व्यासमुनि गुप्ता और कप्तानगंज क्षेत्र के गजेंद्र यादव उर्फ सोनू यादव के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने इस मामले में व्यासमुनि को जेल भिजवाया था।
ग्रामीणों ने बताया कि व्यासमुनि क्षेत्र में कई लोगों से जमीन के नाम पर पैसा लिया था। थानाध्यक्ष प्रविन्द्र कुमार राय ने बताया कि जमीन के नाम पर पैसे लेकर विश्वासघात के मामले में व्यासमुनि खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। वहीं, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज चौकी इंचार्ज विकास मिश्रा ने बताया कि इलाज की जो समरी है, उसे देखने से प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने से मौत की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।