एमएस चाइल्ड केयर क्लीनिक व कान्हा चाइल्ड केयर बंद कर भागे संचालक
बुआ नौरंगिया क्षेत्र में बिना अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों पर की कार्रवाई
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में बिना अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। सोमवार को एक जांच टीम ने क्षेत्र के कई अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर दो अस्पतालों को सील कर दिया गया।
सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश के निर्देश पर यह जांच की गई। अस्पताल पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. हेमंत वर्मा और कुबेरनाथ सीएचसी प्रभारी महेश्वर कृष्णनंदन ने टीम का नेतृत्व किया। टीम सोमवार को सीएचसी नेबुआ नौरंगिया पहुंची। वहां चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश श्रीवास्तव भी उनके साथ थे। टीम ने कोटवा बाजार स्थित आदर्श मादर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल, नेबुआ नौरंगिया के पूर्णिमा हॉस्पिटल सिंगहा अवैध तरीके से संचालित होते हुए टीम को मिला। टीम ने दोनों अस्पतालों को सील कर दिया।
इसके बाद टीम सिरसिया स्थित एमएस चाइल्ड केयर क्लीनिक, कोटवा स्थित कान्हा चाइल्ड केयर हॉस्पिटल पर पहुंची, लेकिन टीम के आने से पहले संचालक अस्पताल में ताला बंद कर भाग गए। इसके अलावा संचालित अनन्या चाइल्ड केयर और बालाजी अस्पताल पंजीकृत मिला। हालांकि निरीक्षण के दौरान इन अस्पतालों में कोई मरीज मौजूद नहीं थे। डिप्टी सीएमओ डॉ. हेमंत वर्मा ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर निजी अस्पतालों की जांच की गई है। अवैध रूप से संचालित मिले दो अस्पतालों को सील किया गया है।