राम वन गमन की लीला में खर-दूषण वध का मंचन, कलाकारों ने दर्शकों को किया रोमांचित
बोदरवार। कप्तानगंज क्षेत्र के बोदरवार बाजार में सोमवार को दशहरा की पूर्व संध्या पर परंपरागत विशाल शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और उल्लास के बीच निकाली गई शोभायात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए। वहीं, रामलीला मैदान में राम वन गमन प्रसंग के दौरान खर-दूषण वध का मंचन कर कलाकारों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
शोभायात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार शाम चार बजे सैकड़ों ग्रामीण पंचायत भवन पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस मुख्य मार्ग होते हुए मां सम्मे चौक पहुंचा। इसके बाद शोभायात्रा रामलीला मैदान पहुंची, जहां लीला मंडली के कलाकारों ने राम वन गमन प्रसंग के अंतर्गत खर-दूषण वध का सजीव मंचन किया। मंचन के दौरान दर्शक भाव-विभोर होकर लीला का आनंद लेते रहे।
मेला संयोजक ग्राम वासियों ने शोभायात्रा में शामिल लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने मंगलवार को आयोजित होने वाले दशहरा मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि मेले में अंतरजनपदीय दंगल का भी आयोजन किया गया है। इस दौरान रवींद्र प्रसाद, रवि शिवेंद्र निगम, लालमोहन, अजय, भरत, कुंवर मनोज, श्रवण पटेल, हरिकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।