दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आसपास के लोग युवती को इलाज के बहाने दुदही सीएचसी ले गए, वहां शव अस्पताल में छोड़कर भाग गए। सीएचसी प्रभारी की सूचना पर आई पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी है। युवती के गर्दन और बांह पर चोट के निशान हैं।
गांव की 19 साल की युवती की शादी दुदही के एक युवक के साथ तय थी। उसकी शादी 20 मई को होनी थी। चर्चा है कि वह उस युवक से शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच अक्सर नोंकझोंक होती रहती थी। रविवार की रात भी उसी बात को लेकर मां-बेटी में नोंकझोंक हुई थी। सोमवार की दोपहर युवती घर में अकेली थी। उसकी मां खेत की तरफ गई थी और छोटी बहन पढ़ने गई थी। खेत से जब मां वापस घर आई तो युवती चारपाई पर अचेत पड़ी थी। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और सीएचसी दुदही गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद युवती को लेकर गए पड़ोसी अस्पताल से भाग गए। कुछ देर बाद रोते बिलखते मां अस्पताल पंहुची और पूरी घटना की जानकारी दी। सीएचसी प्रभारी डाॅ. संदीप कुमार की सूचना पर आई पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी है।