कीमतों में गिरावट से खरीदारी को लेकर ग्राहकों में उत्साह, मनपसंद आभूषणों की दुकानों पर होने लगी बुकिंग
पडरौना। धनतेरस और दीपावली के त्योहारों के नजदीक आते ही सराफा बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया है, जिससे कारोबारियों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। लोग खरीदारी के लिए अभी से आभूषणों की बुकिंग भी करा रहे हैं।
सराफा व्यापारियों उमंग खेतान, संजीव कुमार और राजू जायसवाल के अनुसार, रविवार को सोने का भाव 1.39 लाख रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 1.82 लाख रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। बीते एक माह से सोने और चांदी के दामों में लगातार गिरावट आ रही है।
व्यापारियों के अनुसार करीब एक महीने में सोने के दाम में प्रति 10 ग्राम 15 से 4-5 हजार रुपये और चांदी के भाव में प्रति किलो लगभग 8,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। कीमतों में इस कमी से धनतेरस और दीपावली पर अधिक खरीदारों के आने की उम्मीद है। बिक्री बढ़ाने के लिए आभूषणों की खरीदारी पर मेकिंग चार्ज में छूट के साथ कई उपहार भी दिए जा रहे हैं।
धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार आभूषण, सिक्के और अन्य चांदी के सामान खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। कीमतों में आई गिरावट से उन ग्राहकों को भी राहत मिली है जो लंबे समय से सोने-चांदी की खरीदारी की योजना बना रहे थे।
त्योहारों को देखते हुए सराफा दुकानदारों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दुकानों में नए डिजाइन के आभूषणों के साथ हल्के वजन की ज्वेलरी, सोने-चांदी के सिक्के और उपहार में देने योग्य सामान सजाए जा रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ेगी और बिक्री में तेजी आएगी।