पकवा इनार (कुशीनगर)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली में नगरपालिका परिषद कुशीनगर एक आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी बनवाएगी। इसके निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम खर्च करेगी। इसके लिए वार्ड नंबर-21 बुद्ध नगरी में भूमि चिह्नित कर लिया गया है।
लाइब्रेरी की क्षमता 250-300 विद्यार्थियों के एक साथ बैठने की होगी। यह पूरी तरह से वातानुकूलित होगी। यही नहीं यहां पारंपरिक लाइब्रेरी भी सुविधा होगी, जहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए ग्रंथों व पुस्तकों का भी मुक्कमल प्रबंध रहेगा। डिजिटल लाइब्रेरी में प्रशासनिक अफसर व शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हस्तियों को विद्याार्थियों के मार्गदर्शन लिए आमंत्रित किया जाएगा। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के पूरब नगर पालिका परिषद की भूमि है। इस भूमि पर ही नगर पालिका परिषद डिजिटल लाइब्रेरी बनवाएगी। वर्तमान समय में वार्ड सभासद की तरफ से इस भूमि का जरूरी कागजात नगर पालिका प्रशासन को हस्तगत करा दिया गया है। सभासद केशव सिंह ने बताया कि भूमि की पैमाइश व उसका सीमाकंन कराया जाना है। मौका मुआयना किया जा चुका है। जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं को पूरा किया जाना है। उसके बाद निर्माण संबंधी प्रक्रिया पूरी कर कार्य आरंभ किया जाएगा। कसया नगर से कुशीनगर तक ऐसे तो कई डिजिटल लाइब्रेरी संचालित हैं, लेकिन यहां जरूरतमंद मेधावी छात्र-छात्राएं इनका उपयोग नहीं कर पाते हैं। ऐसे ही मेधावियों के लिए नगर पालिका एक आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी बनवाए जाने को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही है। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार भूमि चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण के लिए उसका डिजाइन व नक्शा तैयार कराया जाएगा। यह डिजिटल लाइब्रेरी भव्य होगी। लाइब्रेरी पूरी तरह से हाइटेक और सभी तरह की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी।