पडरौना। जिले की पुलिस ने रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के गनेशीपट्टी गांव के काली माता मंदिर के समीप सोमवार की रात मुठभेड़ में शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार का इनाम था। पकड़ा गया बदमाश पश्चिमी चंपारण जिले का रहने वाला है। मेडिकल कॉलेज में बदमाश का इलाज कराया गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
मंगलवार को एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि एएसपी रितेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को रविन्द्रनगर धूस, तरयासुजान, कोतवाली हाटा व साइबर थाना की संयुक्त पुलिस टीम गनेशीपट्टी गांव के काली माता मंदिर तिराहे पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो वह कुछ दूर पहले ही रुक कर लक्ष्य साध कर पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। इसमें बदमाश के पैर के निचले हिस्से में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान बाला यादव निवासी लालगढ़ थाना जोगापट्टी जिला बेतिया बिहार के रूप में हुई है। उसके पास से एक अवैध तमंचा, तीन कारतूस, दो खोखे, अपराध में प्रयुक्त मोबाइल, अपराध से अर्जित पांच हजार रुपये, वाहन चोरी के उपकरण, बाइक की मास्टर-की, चाबियों का गुच्छा व चोरी की एक बाइक बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि शातिर बदमाश के खिलाफ तुर्कपट्टी पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई भी की है। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। गैंगस्टर बाला यादव बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में बिना नंबर चोरी की बाइक से घूमकर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की चोरी कर बिहार में बेच देता है। वह एक बैग में वाहन चोरी के लिए चाबी रखता है। कुशीनगर समेत कई थानों में उसके खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं। घायल बदमाश का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया है। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में हाटा कोतवाली इंस्पेक्टर राजप्रकाश सिंह, तरयासुजान इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह, साइबर थाने के प्रभारी मनोज कुमार पंत, रविंद्रनगर धूस थाने के इंस्पेक्टर विनय कुमार मिश्रा, एसएसआई जीत बहादुर यादव, एसआई सौरभ द्विवेदी, एसआई अनुराग शर्मा, रणविजय सिंह, प्रभात यादव, हेड कांस्टेबल राधेश्याम यादव, कांस्टेबल रामविनय यादव, वीरेन्द्र मौर्या आदि शामिल रहे।