कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के बसहिया उर्फ कप्तानगंज के टोला बभनौली में कमलेश साहनी के बेटे पर घर में घुसकर फायरिंग करने के मामले में भाजपा सभासद के पति समेत चार नामजद व अन्य लोगों पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
सोमवार को पहुंची फाॅरेंसिक टीम ने जांच के लिए मौके से साक्ष्य जुटाए। घर के पास से बरामद दो बाइकों में एक राहगीर का थी। वारदात के समय भीड़ होने पर वहां राहगीर रुका तो लोग बदमाश समझकर दौड़ा लिए। इसलिए वह अपनी बाइक छोड़कर भाग गया, जबकि बिना नंबर वाली दूसरी बाइक फायरिंग करने वाले बदमाशों की है। बभनौली टोला निवासी कमलेश साहनी के बेटे आदित्य साहनी की तलाश करते हुए रविवार की शाम को बाइक व कार से बदमाश पहुंचे। घर में घुसकर चार राउंड फायरिंग की। संयोग ठीक था कि गोली किसी को लगी नहीं, गोली चलने की आवाज सुनकर गांव वालों की भीड़ जुट गई।
ईंट पत्थर लोग बदमाशों पर चलाने लगे। खुद को घिरता देख बदमाश बाइक छोड़ कार में सवार होकर भाग गए। सूचना पर आई पुलिस ने मौके से दो कारतूस और बाइक बरामद की। कमलेश ने बताया कि आदित्य त्योहार में घर आया था, लेकिन वापस लखनऊ चला गया है। वहीं पर वह काम करता है।
पुलिस भाजपा सभासद के पति रमेश मोदनवाल, निर्दल सभासद संजय पटेल, ऋषि पासवान और ग्राम सोहनी निवासी गोपाल दुबे समेत अन्य पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।