कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड संख्या 18 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर निवासी मुख्तार चौबे (48) की तहरीर पर कसया पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर घटना के छह महीने बाद मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही निर्मला देवी, राजकुमार, अंगद और सूरज ने धोखे से उनकी पत्नी को झांसा देकर उनके नाम पर किसी समूह से 35-40 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ किस्त जमा करने के बाद आरोपी किस्त जमा करना बंद कर दिए, जिसके चलते रिकवरी एजेंट घर पहुंचा और धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पीड़ित थाने और एसपी कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। आदेश पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने पैसों की बात उठाई तो आरोपियों ने मारपीट, घर में तोड़फोड़ की और उनकी पत्नी का मंगलसूत्र व नाक की कील छीन ली। घटना में पीड़िता को हार्ट की समस्या भी हो गई। गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया लेकिन आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए।