हाटा में बस से उतार कर यात्री को पीटई करते युवक।संवाद
- हाटा नगर के बाघनाथ चौराहे की घटना
- बस सहित सभी यात्री पहुंचे कोतवाली, दी तहरीर
- थूक का छींटा पड़ना बताया जा रहा है झगड़े की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। गोरखपुर से कसया की तरफ सोमवार की शाम को जा रही बस में सवार एक यात्री को हाटा नगर के बाघनाथ चौराहे पर उतारकर कुछ मनबढ़ युवकों ने जमकर पीटा। बस में सवार एक अन्य यात्री ने इस मारपीट का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। बस सहित यात्री कोतवाली पहुंचे और युवकों के खिलाफ तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
देवरिया जिले के सहोदरपट्टी गांव के रहने वाले सुधारक सिंह सोमवार की शाम को बस से गोरखपुर से कसया जा रहे थे। उसी बस में हाटा क्षेत्र का एक युवक भी बैठा हुआ था। थूकने और छींटा पड़ने की वजह से दोनों युवकों में कहासुनी हो गई। हाटा क्षेत्र के यात्री ने फोन कर अपने कुछ साथियों को इस बात की सूचना दे दी।
बस जैसे ही हाटा के बाघनाथ चौराहे पर पहुंची, वहां पहले से सात-आठ की संख्या में मौजूद युवकों ने अपने साथी की पहचान पर सुधाकर सिंह को बस से नीचे खींच लिया और सबने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। पिटाई करने के बाद उन्हें छोड़ दिया। मनबढ़ युवकों ने बस के अन्य यात्रियों के साथ भी बदसलूकी की। घटना के बाद पीड़त युवक के साथ बस के यात्री हाटा कोतवाली पहुंचे और तहरीर के साथ मारपीट का वीडियो पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निर्भय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। वीडियो के आधार पर आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।