पिपराघाट पुलिस और परिजन बालक की खोजबीन में जुटे
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। राजपुर बगहा गांव के बैराट माता मंदिर के पास बांसी नदी में स्नान के दौरान एक सात वर्षीय बालक तेज पानी बहाव में आ जाने से डूब गया। सूचना पर पहुंची पिपराघाट पुलिस और परिजन पानी में डूबे बालक की खोजबीन में जुट गए, लेकिन देर शाम तक बालक का पता नहीं चल सका है।
सेवरही थाना क्षेत्र के राजपुर बगहा निवासी पंकज मद्धेशिया का सात वर्षीय पुत्र आयुष मद्धेशिया रविवार की शाम करीब पांच बजे मित्रों के साथ बैराट माता मंदिर के पास बांसी नदी में स्नान कर रहा था। स्नान करने के दौरान वह पानी के तेज बहाव केे बीच चला गया। जब साथी बच्चों ने उसे बहते देखा तो शोर मचाने लगे। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुन कर गांव के लोग घटना स्थल पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पिपराघाट चौकी प्रभारी सुजीत भारती, हेड कांस्टेबल ललन प्रसाद और परिजन आयुष की तलाश में जुट गए, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चला।
मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक जयंत गुप्ता, पूर्व प्रधान कमल निषाद, ध्रुव निषाद आदि ने पुलिस को नाव और जाल की व्यवस्था दिलाने में लगे रहे। आयुष तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई है। चौकी प्रभारी ने बताया कि नदी में डूबे बालक की खोजबीन की जा रही है। लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
दो कारों की भिड़ंत में दो घायल
पटहेरवा। क्षेत्र के हाईवे पर स्थित महुअवा कांटा गांव के पास रविवार की देर शाम दो कारों में भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और उसमें सवार दो लोग चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पटहेरवा पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।
रविवार की शाम करीब सात बजे महुअवा गांव के पास दो कारों में भिड़ंत हो गई। एक कार सवार स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चंद्रप्रकाश (45) और दूसरे कार में सवार रोशन (40) निवासी खजूड़ी, मुजफ्फरपुर चोटिल हो गए। दुर्घटना ग्रस्त कार को पुलिस कब्जे में लेकर थाने भिजवाया और दोनों घायलों को फाजिलनगर सीएचसी ले गई, जहां इलाज चल रहा है।