दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत.
- रामकोला बलुआ में शुक्रवार देर शाम हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
- 28 नवंबर को हुई थी युवक की शादी, बहन को मथौली छोड़ने गए थे अनूप
रामकोला। नगर के समीप स्थित बलुआ में बाइक फिसलने से गिरे युवक की मौत हो गई। दुर्घटना शुक्रवार शाम पौने सात बजे हुई। 28 नवंबर को युवक की शादी हुई थी। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
कसया थाना क्षेत्र के अहिरौली, खड्डा जखनी निवासी अनूप कुमार गोंड के बहन गुड़िया की ससुराल मथौली में है। शुक्रवार शाम अनूप बहन को बाइक से छोड़ने मथौली गए। वहां से लौटकर घर जा रहे थे। रामकोला बलुआ पुलिया के पास पहुंचे। तभी अचानक उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। बिना हेलमेट बाइक चला रहे अनूप के सिर में चोट लग गई। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल भेजने का कोई उपाय करते। इसके पहले अनूप की मौके पर मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
अचेत हो जा रही पत्नी
तीन भाइयों में सबसे छोटे अनूप कुमार गोंड लुधियाना में रहकर कमाते थे। 28 नवंबर को उनकी शादी थी। इसलिए वह गांव आए थे। शादी के बाद वह कमाने नहीं गए। शुक्रवार शाम वह बड़ी बहन गुड़िया को पहुंचाने के लिए घर से निकले तो पत्नी रागिनी ने समय से घर लौटने को कहा। अनूप मथौली बाजार से बहन को उसके घर छोड़कर रामकोला होते हुए लौट रहे थे। तभी रास्ते में बलुआ पुलिया के पास अचानक दुर्घटना के शिकार हो गए। अनूप की मौत की सूचना से उनकी पत्नी रागिनी बार-बार अचेत हो रही हैं। परिवार के लोगों को रोते-बिलखते देखकर आसपास के लोग भी दुखी हो गए हैं।
0000
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुंरत पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अखिलेश सिंह, एसएचओ, रामकोला