कुशीनगर। तमकुही विकास खंड के सेमरा हर्दोपट्टी गांव में दीपावली एवं भैया दूज के अवसर पर लगने वाले मेेले में कुश्ती, क्रिकेट और फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। शनिवार को बसंतपुर की टीम ने सेमरा हर्दोपट्टी की क्रिकेट टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया तो हाजी क्लब कनक पिपरा की टीम ने अलशिफा क्लब कसया की फुटबाल टीम को 5-1 से हरा दिया। शनिवार को हुए क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबले में बसंतपुर की टीम ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बसंतपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में अपने राजन सिंह के नाबाद 49 रनों की बदौलत आठ विकेट पर 161 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेमरा हर्दोपट्टी की टीम 123 रन बनाकर आउट हो गई। बसंतपुर के राजन सिंह को 49 रनों के योगदान के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इसी सिरीज में शुक्रवार को खेले गए एक अन्य सेमीफाइनल में फाजिलनगर की टीम ने पड़री विशुनदयाल को हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। बसंतपुर एवं फाजिलनगर की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला रविवार को होगा। फुटबाल प्रतियोगिता में शनिवार को हाजी क्लब पिपरा कनक एवं अलशिफा क्लब कसया के बीच सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। पिपराकनक की टीम ने कसया को 5-1 से हरा दिया। रविवार को पिपराकनक की फाइनल में भिड़ंत तमकुहीरोड की टीम से होगी। मैच के दौरान ब्लाक प्रमुख तमकुही संजय गुप्ता, संतोष सिंह, अनिल पाठक, नागेंद्र सिंह, संदीप गुप्ता मौजूद रहे।