कसया। कस्बा के समीप एनएच के किनारे गोपालगढ़ गांव के एक बगीचे में सोमवार को शाम लगभग पांच बजे पेड़ से लटकता हुआ एक 30 वर्षीय युवक का शव मिला। घास काटने गई कुछ महिलाओं ने जब शव को देखा तो शोर मचाया। इसके बाद अगल-बगल के गांव वाले इकट्ठे हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और उसकी शिनाख्त के लिए तलाशी ली तो जेब में वोटर आईडी मिला। सोमवार को गांव की महिलाएं घास काटने बागीचे की ओर गई थीं। उन्होंने पेड़ से लटकता शव देखा तो शोर मचाया, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी एसओ नीरज सिंह के मुताबिक पेड़ से शव उतारने के बाद जेब की तलाशी ली गई तो उसमें वोटर आईडी कार्ड और मोबाइल मिला। उस आधार पर मृतक युवक की शिनाख्त पिंटू पुत्र रवींद्र निवासी सपहीं बुजुर्ग थाना तुर्कपट्टी के रूप में हुई। शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा उसके परिवार के लोगों को सूचना दे दी गई है। इस संबंध में सीओ विनय कुमार सिंह का कहना था कि बागीचे में युवक का शव मिलने का मामला संज्ञान में है। मृतक युवक के घरवाले आ रहे हैं। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।