रामकोला। कप्तानगंज में लूट के दौरान एक व्यक्ति को पीटकर हत्या करने और ईंट-भट्ठों पर डकैती में वांछित एक आरोपी को स्वॉट टीम और कप्तानगंज पुलिस ने संयुक्त प्रयास से पकड़ने में सफलता पाई है। शनिवार की भोर में पकड़े गए आरोपी पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित कर रखा है।
स्वॉट टीम के प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति नेऊर उर्फ हरि प्रसाद विशुनपुरा थानाक्षेत्र के गांव शाहपुर टोला सुरहवा का निवासी है। पांच दिसंबर 2013 की रात में रमाशंकर तिवारी के घर पांच व्यक्तियों के साथ इसने लूटपाट की थी। गृहस्वामी के विरोध करने पर डंडे से पीटकर हत्या कर सामान लूट ले गए। उस घटना में यह मुख्य आरोपी था। इसके अलावा अहिरौली बाजार थानाक्षेत्र में दो ईंट-भट्ठों पर डकैती डाली थी। डकैती का आरोपी होने के कारण पुलिस ने उसके घर की कुर्की भी की थी। स्वॉट प्रभारी के मुताबिक शनिवार की सुबह तकरीबन चार बजे आरोपी बाइक से इंदरपुर से कप्तानगंज की ओर आ रहा था कि रेलवे क्रासिंग के पास पकड़ लिया गया। इस दौरान एसओ कप्तानगंज पवन सिंह, स्वॉट टीम के सिपाही अभिमन्यु सिंह, रामभरोसे यादव आदि भी मौजूद थे।