फाजिलनगर। फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र की आठ सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर सामाजिक संस्था सजग प्रहरी की अगुवाई में नंदलाल सिंह का सत्याग्रह छठवें दिन भी जारी रहा।
फाजिलनगर से करमैनी, फाजिलनगर-बनकटा बाजार, बड़हरा-नरायनपुर, जोकवा-सोनबरसा और जोकवा से रहसू बाजार जाने वाली सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। इन सड़कों की दशा काफी खराब हो गई है। गड्ढों के कारण लोग जख्मी हो जाते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए फाजिलनगर में जैन मंदिर के गेट पर सजग प्रहरी के संस्थापक नंदलाल विद्रोही ने सत्याग्रह शुरू किया है। उनका सत्याग्रह छठवें दिन भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि जनहित की उपेक्षा करके कोई भी सरकार चैन से नहीं रह सकती। फाजिलनगर से अन्य जगहों के लिए जाने वाली सड़कों की हालत बदतर हो गई है। इस आंदोलन में शिक्षकों का भी समर्थन मिल गया है। सत्याग्रह स्थल पर लोगों को संबोधित करते हुए नंदा पांडेय ने कहा कि सड़कों की बदहाली से सबसे ज्यादा परेशानी छात्रों को हो रही है। समाजसेवी प्रभुनाथ शुक्ल ने कहा कि इन सड़कों की अगर जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस दौरान जवाहर लाल, सुभाष यादव, धर्मराज गुप्ता, असगर अली, रहमत अली, पुरुषोत्तम गुप्ता, चिरंजीवी, राममूरत चौहान, जगदीश लाल, केदारनाथ राय, अशोक गुप्ता, विकास आदि मौजूद थे।