दुदही। ताजिया रखने वाली जगह पर अतिक्रमण किए जाने के मामले में कई गांव के लोगों ने मुहर्रम न मनाने की घोषणा किया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने अतिक्रमण को हटवा कर दोनो पक्षों के लोगों को पाबंद किया है।
जानकारी के अनुसार बरवापट्टी थाने के गांव रामपुर बरहन के टोला दरोगाडीह में ताजिया रखने की जमीन पर हुए अतिक्रमण को न हटाए जाने तक रामपुर बरहन, रामपुर पट्टी, बरई टोला, दरोगाडीह, बकुलहवां, महुवाडीह, गोबरही और नौका टोला के लोगों ने मुहर्रम नहीं मनाने का पत्र डीएम और एसपी को दिया था। जबकि बरवापट्टी पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटवा दिया गया है। कोटवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नेबुआ नौरंगिया थाने के गांव चखनी पूरन छपरा में ताजिया रखने के स्थान की बात को लेकर कहा सूनी का आरोप लगातेे हुए एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा पेड़ की डाली कटवा कर मामले को हल करा दिया।