पडरौना। तमकुहीराज क्षेत्र की आधी आबादी के लिए खुशखबरी है। विधायक अजय कुमार लल्लू के प्रस्ताव पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही में 30 बेड वाले मैटर्निटी विंग के निर्माण को स्वीकृति मिली है। तीन करोड़ की लागत से बनने वाला यह विंग जनपद के किसी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सबसे बड़ा मैटर्निटी विंग होगा। इसका निर्माण अप्रैल में शुरू हो जाएगा।
जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की चिकित्सा का ठोस प्रबंध नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को शहरी चिकित्सालयों पर ही निर्भर होना पड़ता है। ऐसी स्थिति में तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। विधायक अजय कुमार लल्लू के प्रयास से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही में एक मैटर्निटी विंग स्वीकृत हुआ है। 30 बेड वाले इस मैटर्निटी विंग की स्वीकृति राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मिली है। तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मैटर्निटी विंग जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बनने वाला सबसे बड़ा महिला वार्ड होगा। अप्रैल से इस विंग का निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। एनआरएचएम के मिशन डायरेक्टर ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
क्षेत्र की आधी आबादी को अधिकाधिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधा का अभाव सबसे बड़ी समस्या है। इसको दूर करने का प्रयास जारी है।
अजय कुमार लल्लू, विधायक, तमकुहीराज