खड्डा (कुशीनगर) । इंडिया पोटाश लिमिटेड की खड्डा चीनी मिल ने बृहस्पतिवार को अपने नए पेराई सत्र की शुरुआत कर दी। डीएम और क्षेत्रीय विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद चीनी मिल के डोंगे में गन्ना डालकर इसकी औपचारिकता पूरी की। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच डीएम आंद्रा वामसी और क्षेत्रीय विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने भुजौली बाजार के विरेंद्र सिंह के ट्रैक्ट्रर व भगवानपुर निवासी विनोद कुमार की बैलगाड़ी का पूजन कर पेराई सत्र प्रारंभ कराया। उन्होंने एक किसान को को उपहार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर डीएम ने कहा कि इस पेराई सत्र के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी और अनियमितता नहीं होने दी जाएगी। चीनी मिल के महाप्रबंधक लोकेश कुमार ने कहा कि किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान पिछले वर्ष के अनुसार शासनादेश के तहत समय पर किया जाएगा। पर्ची पर गन्ना गिराने वाले किसानों को ऋण पर खाद देने की व्यवस्था की गई है। इस सत्र में 24 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान पूर्व विधायक विजय कुमार दुबे, दीपलाल भारती, पूर्व चेयरमैन डॉ. निलेश मिश्र, विवेकानंद पांडेय, आलोक तिवारी, विजय सिंह, डॉ. गोरख राय, हरि सिंह, केन यूनियन चेयरमैन श्रीकिशुन यादव, राजकुमार सिंह, सुप्रियमय मालवीय, आलोक सिंह, सविंदर सिंह के अलावा एसडीएम गणेश प्रसाद सिंह, तहसीलदार मनोज कुमार तिवारी, गन्ना प्रबंधक कुलदीप सिंह, दिनेश सिंह, दिग्विजय सिंह मौजूद रहे।