कप्तानगंज (कुशीनगर)। अपनी स्थापना की सेंचुरी पूरा करने वाली कप्तानगंज नगर पंचायत ने भी कई उतार चढ़ाव देखे हैं। शुरुआती दिनों में अपने वार्ड के सदस्य का चुनाव मुहल्लेवासी हाथ उठाकर करते थे। जिसका बहुमत होता था, वह वार्ड का सदस्य चुन लिया जाता था। यही सदस्य अपने नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव करते थे। यह नगर पंचायत 20 वर्षों तक सुपरसीट रही तो 25 वर्षों तक खेतान परिवार ने इस नगर पंचायत की रहनुमाई की। इस चुनाव में पहली बार आरक्षण व्यवस्था भी लागू की गई है।
कप्तानगंज के बुजुर्ग जनों की मानें तो नगर पंचायत कप्तानगंज के गठन की सहमति वर्ष 1911 में ही मिल गई थी, लेकिन बोर्ड का गठन वर्ष 1917 में किया गया। उस समय नगर पंचायत के वार्ड सदस्यों और अध्यक्ष के चुनने की प्रक्रिया भी अलग थी। कप्तानगंज निवासी 92 वर्षीय रामप्रसाद जायसवाल बताते हैं कि नगर पंचायत गठन के शुरुआती दिनों में वार्ड सदस्य का चुनाव बैलेट पेपर से नहीं होता था। जिस वार्ड में सदस्य का चुनाव करना होता था, उसके पक्ष में मुहल्लेवासी हाथ उठाकर अपना समर्थन करते थे। उसके बाद बहुमत वाले प्रत्याशी को सदस्य चुुन लिया जाता था। फिर वही सदस्य बैलेट पेपर के जरिए नगर पंचायत अध्यक्ष चुनते थे। पांच बार में कुल 20 वर्षों तक नगर पंचायत सुपरसीट रही, जबकि सर्वाधिक 25 वर्षों तक कप्तानगंज के खेतान परिवार से ही नगर पंचायत अध्यक्ष चुने जाते रहे।
कप्तानगंज नगर पंचायत में नगर की जनता को अपना अध्यक्ष और सदस्य का चुनाव बैलेट पेपर से करने का अधिकार पहली बार वर्ष 1940 में मिला। उस समय आगा असगर हुसैन नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए थे, जिन्होंने पांच वर्ष तक अपना कार्यकाल पूरा किया। बुजुर्ग बताते हैं कि नगर पंचायत कार्यालय ज्यादातर समय तक मंगल की बाजार में संचालित हुआ था। इस नगर पंचायत की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर दो अगस्त 2017 को निवर्तमान अध्यक्ष सुशीला खेतान की देख रेख में स्वर्णिम शताब्दी समारोह मनाया गया था। इस नगर पंचायत में पहली बार आरक्षण व्यवस्था लागू होने पर अन्य वर्गों के लोगों का भी इस चुनाव में रुझान बढ़ा है।
----
अब तक के नगर पंचायत अध्यक्ष और उनका कार्यकाल-
1. आगा असगर हुसैन- 1940 से 1945 तक।
2. श्यामसुंदर वैद्य 1945 से 1950 तक।
3. बनवारी लाल बंका 1950 से 1955 तक।
4. सुपरसीट (एसडीएम हाटा प्रशासक)- 1955 से 1963 तक।
5. राधेकृष्ण खेतान- 1963 से 1968 तक।
6. लालता प्रसाद- 1968 से 1973 तक।
7. राम प्रसाद- 1973 से 1978 तक।
8. सुपरसीट (एसडीएम हाटा प्रशासक)- 1978 से 1988 तक।
9. नाथूलाल खेतान- 01 दिसंबर 1988 से 19 जनवरी 1994 तक।
10. सुपरसीट (एसडीएम हाटा प्रशासक)- 20 जनवरी 1994 से 30 नवंबर 1995
11. अशोक अग्रहरि- 01 दिसंबर 1995 से 30 नवंबर 2000 तक ।
12. विजय खेतान- 01 दिसंबर 2000 से 31 नवंबर 2006 तक।
13. सुपरसीट (एसडीएम हाटा प्रशासक)- 01 दिसंबर 2005 से 30 नवंबर 2006 तक।
14. सुशीला खेतान- 01 दिसंबर 2006 से 30 नवंबर 2011 तक।
15. सुपरसीट (अधिशासी अधिकारी प्रशासक)- 01 दिसंबर 2011 से 30 जून 2012 तक।
16. सुशीला खेतान- 01 जुलाई 2012 से 16 जुलाई 2017 तक।