छितौनी (कुशीनगर)। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर स्थित पनियहवा रेलवे स्टेशन पर पहुंची सवारी गाड़ी के गार्ड की तबीयत शनिवार की रात अचानक खराब हो गई। गार्ड को उल्टी होने के साथ पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया था। उसे आरपीएफ के जवानों ने पहले खड्डा पीएचसी और उसके बाद गोरखपुर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच तीन घंटे तक ट्रेन प्लेटफार्म पर रुकी रही। स्टेशन अधीक्षक ने झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
इस ट्रेन पर अनिल कुमार द्वितीय गार्ड थे। यह ट्रेन गोरखपुर से पनियहवा रेलवे स्टेशन पर 9.04 मिनट पर पहुंची और वहां से इंजन बदलकर पुन: गोरखपुर जंक्शन स्पेशल ट्रेन बनकर रवाना होना था। पनियहवा स्टेशन पहुंचते ही ट्रेन के गार्ड अनिल कुमार द्वितीय को उल्टी व पेट दर्द होने लगा। यह देख आरपीएफ जवानों ने पीएचसी खड्डा में भर्ती कराया,। वहीं गार्ड का कोई विकल्प न बनता देख तीन घंटे विलंब से स्टेशन अधीक्षक पनियहवा विकास कुमार ने स्वयं गार्ड की भूमिका में ट्रेन को स्पेशल ट्रेन के रूप में रवाना किया।