कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए उपलब्ध कराई गई चार नावों को देवरिया जिले के रुद्रपुर तहसील में भेज दिया गया है। देवरिया जिला प्रशासन के आग्रह पर इन नावों को वहां बाढ़ग्रस्त लोगों की सहायता के लिए भेजा गया है।
तमकुहीराज के तहसीलदार रामप्यारे का कहना है कि यहां से चार नावों और आठ नाविकों को रुद्रपुर तहसील के लिए रवाना कर दिया गया है। वहां बाढ़ की समस्या से निपटने में यह सभी नावें काम आएंगी। उन्होंने बताया कि देवरिया के जिला प्रशासन ने तमकुहीराज के तहसील प्रशासन से 10 नाव और 20 नाविकों का प्रबंध करने के लिए कहा था। इसके लिए रविवार को रुद्रपुर सदर के तहसीलदार, दो राजस्व निरीक्षक एवं आपदा लिपिक दस ट्रकों के साथ तमकुहीराज पहुंचे थे। काफी प्रयास के बाद पिपराघाट के शंभू प्रसाद, नंदलाल प्रसाद, कृपा और द्वारिका ही अपनी नाव ले जाने के लिए तैयार हुए। उसके बाद सोमवार को चार नावों के साथ आठ नाविकों को रुद्रपुर भेज दिया गया। नावों की रवानगी के समय तहसीलदार के अलावा नायब तहसीलदार विकास कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश, लेखपाल जयंत गुप्ता व सुरेश गुप्ता आदि मौजूद थे।