कुशीनगर। हाटा तहसीलदार के न्यायालय का बहिष्कार कर रहे अधिवक्ताओं ने बुधवार को तहसील परिसर में जमकर नारेबाजी की। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में घूमकर नारे लगाए। साथ ही तहसीलदार का स्थानांतरण होने तक अन्य सभी न्यायालयों के भी बहिष्कार की चेतावनी दी।
बुधवार को अधिवक्ताओं की बैठक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र भूषण पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि तहसीलदार हाटा का स्थानांतरण होने तक तहसील के अन्य सभी न्यायालयों में भी कार्य बहिष्कार किया जाएगा। बैठक के बाद अधिवक्ता तहसील परिसर में घूमकर नारेबाजी करते हुए तहसीलदार न्यायालय के सामने पहुंचे और वहां काफी देर तक तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
इस दौरान जयप्रकाश नारायण पांडेय, रौनक अली, आनंद शंकर सिंह, श्रीपति प्रसाद, रविंद्र प्रताप मिश्र, श्रीप्रकाश पांडेय, शैलेंद्र प्रताप सिंह, सुग्रीव सिंह, शैलेश प्रताप सिंह, संजय पांडेय, परमहंस प्रसाद सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।