कुशीनगर। छोटी गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ हुए कटान व बारिश के कारण कप्तानगंज क्षेत्र में रामजानकी घाट व बालाछत्तर घाट के पुलों का एप्रोच क्षतिग्रस्त हो गया है। शुक्रवार को इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक के साथ पीडब्ल्यूडी के अफसर मौके पर पहुंचे। तत्काल क्षतिग्रस्त एप्रोच की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराया गया।
महाराजगंज जनपद के बेलवा घाट से कुशीनगर में प्रवेश करने वाली छोटी गंडक नदी का जलस्तर इस वर्ष तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार को कप्तानगंज के रामजानकी घाट के पास पुल का एप्रोच क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के अंतिम पिलर के पास हुए बड़े गड्ढे से पुल की सुरक्षा को भी खतरा था। इसके बाद बालाछत्तर घाट पर भी यही स्थिति बनी हुई थी। लोगों की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक रामानंद बौद्ध तथा एसडीएम कप्तानगंज त्रिभुवन व लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता वीके राय मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों जगह क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू हुआ। अफसर व जनप्रतिनिधि वहां तब तक मौजूद रहे, जब तक कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो गया।
इस दौरान हियुवा के जिला महामंत्री और जिला पंचायत सदस्य फूल बदन कुशवाहा, लोक निर्माण विभाग के जेई दयाराम पासवान, अशोक कुमार, बैजनाथ गुप्ता, बीएन साहनी, रमेश मोदनवाल, रामनयन प्रसाद, राजेश यादव, रघुनाथ कुशवाहा आदि मौजूद रहे।