पडरौना। जिले में सोमवार को मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई। जिले के 3881 परीक्षार्थियों के लिए 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। परीक्षा के पहले दिन ही हुई कड़ाई के चलते दोनो पालियों में 911 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 2971 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से इस बार खास तैयारी की गई है। मदरसा बोर्ड की परीक्षा के लिए पांच सेक्टर व 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग रोकने व जांच के लिए पांच सचल दल भी बनाए गए हैं। सोमवार को दोनों पालियों में सभी परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा हुई। सुबह आठ बजे से शुरू हुई परीक्षा में कुल 3080 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 2271 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 911 परीक्षार्थियों ने मदरसा बोर्ड की परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दो पालियों में हुई परीक्षा में 801 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 699 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 102 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
टेकुआटार प्रतिनिधि के अनुसार, परेवाटार स्थित मदरसा जामिया अरबिया फैजुल उलूम में बने परीक्षा केंद्र पर चार मदरसों के 299 परीक्षार्थी मदरसा बोर्ड में पंजीकृत थे। इसमें 75 परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दिए। केंद्र व्यवस्थापक मोहम्मद सरफुद्दीन ने बताया कि मदरसा बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
000000000
सोमवार को जिले के सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर मदरसा बोर्ड की परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। दोनों पालियों में कुल 3881 परीक्षार्थी थे। इसमें से 2271 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 911 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। किसी भी केंद्र पर नकलची नहीं पकड़े गए हैं।
- भरत लाल गोंड, डीएमओ, कुशीनगर।