पडरौना। जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छह दिसंबर को कराई गई जांच में जो भवन मानक के विपरीत मिले हैं, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ डीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कस्तूरबा विद्यालयों के वार्डेन की बैठक कराकर इसकी समीक्षा करने के लिए भी निर्देशित किया है।
डीएम आंद्रा वामसी ने छह दिसंबर को जनपद के 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद डीएम ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि जिन कस्तूरबा विद्यालयों के भवन मानक के विपरीत मिले हैं, संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कस्तूरबा विद्यालयों में जो कमियां मिली हैं, उनमें सुधार के लिए सभी वार्डेन की बैठक बुलाकर समीक्षा करने का निर्देश भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच में जो विद्यालय साफ - सुथरे नहीं मिले, वहां सफाई की समुचित व्यवस्था कराने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा जहां मीनू के अनुसार भोजन, शौचालय आदि की व्यवस्था न हो, संबंधित के खिलाफ भी आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है।