पडरौना। चार लाख बैंक खातों में जमा 80.35 करोड़ रुपये के खाताधारकों को बैंककर्मी आपकी पूंजी आपका अधिकार कार्यक्रम के तहत ढूंढ़ेंगे।
पूर्व में इनके पते पर भेजे गए नोटिस का जवाब तक नहीं मिला है। बैंकों में जमा धनराशि को इनके उत्तराधिकारियों को ब्याज समेत दिया जाएगा। रविंद्र नगर धूस पर इसके लिए शनिवार को कार्यक्रम आयोजित कर बैंककर्मियों को जागरूक किया गया।
जिले के विभिन्न बैंकों के चार लाख ऐसे बैंक खाते हैं जिसमें 80.35 करोड़ रुपये जमा है। इसके लिए कोई दावेदार सामने नहीं आ रहा है। इसके लिए बैंक की ओर संबंधित पते पर नोटिस भी भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में बैंक शाखा इस रुपये को रकम जमा करने वालों के उत्तराधिकारियों से संपर्क कर लौटाएगा। इसके लिए जिले में अभियान चलाया जाएगा। लीड बैंक मैनेजर संतोष कुमार ने बताया कि 80.35 करोड़ रुपये का कोई दावेदार नहीं मिल रहा है।
इसके लिए आपकी पूंजी आपका अधिकार का शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से बैंको में जमा ऐसी धन राशि जिसे ग्राहक किसी कारणवश दावा नहीं किया जाता है तो 10 वर्षों के बाद बैंक की ओर से रिजर्व बैंक को भेज दिया जाता है, लेकिन नियमानुसार क्लेम करने पर धन राशि ब्याज सहित वापस मिल सकता है।
भारत सरकार वित्त मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे आपकी पूंजी आपका अधिकार के तहत सभी बैंक में जमा धनराशि के दावेदारों को ढूंढ रही है।