पडरौना। जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राओं में जल्द ही साइकिल वितरित की जाएगी। शासन से 80 छात्राओं में साइकिल वितरित करने के लिए बजट मिल गया है। विभाग की तरफ से साइकिल की खरीदारी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके साथ ही कक्षा छह, कक्षा नौ और कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाली छात्राओं से आवेदन मांगे जा रहे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि जनजाति विकास विभाग की तरफ से यूनिफार्म में बाइसाइकिल योजनां के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 80 अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राओं को साइकिल देने के लिए शासन से स्वीकृति मिली है। इसमें कक्षा छह के 48, कक्षा नौ और कक्षा 11 के 16-16 छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक छात्राओं को 3300 रुपये मूल्य की साइकिल उपलब्ध कराई जानी है। इसके अलावा उन्हें ड्रेस खरीदने के लिए अलग से 700 रुपये उनके खाते में भेजा जाएगा। इसके लिए शासन की तरफ से 3.20 लाख रुपये की धनराशि आवंटित हुई है। वहीं दूसरी तरफ से कक्षा छह, कक्षा नौ और कक्षा 11वीं के छात्राओं से नए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी से संपर्क कर इस योजना के तहत आवेदन किया जा सकता है।
45 प्रतिशत अंक के साथ पास होना जरूरी
शासन की तरफ से अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राओं में साइकिल वितरित किया जाता है। इसके लिए छात्राओं को कक्षा पांच में, कक्षा आठ में और कक्षा 10 में कम से कम 45 प्रतिशत अंक हासिल करना होता है। तभी वे अगली कक्षा में साइकिल के लिए आवेदन कर सकती हैं। एक छात्रा को पांच साल में सिर्फ एक बार ही साइकिल दिया जाता है।