मथौली। मोतीचक ब्लॉक परिसर में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत शुक्रवार को रोजगार मेला लगा। इसमें 248 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। उनमें से 72 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन किया गया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अर्चना सिंह ने कहा कि सरकार सभी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना चाहती है। इसके लिए जिले में समय-समय पर रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। सरकार युवाओं को स्वयं रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए बैंकों से सस्ते दर पर ऋण मुहैया करा रही है। इसके लिए कई योजनाएं संचालित की है। युवाओं को सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। इसके बाद रोजगार मेला में आए कुल चार कंपनियों के नियुक्ति अधिकारियों ने पंजीकृत 248 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। इसमें से 72 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन किया गया। उन्हें 10,000 से 21,000 तक वेतन मिलेगा। इस दौरान जिला समन्वयक दीपक कुमार यादव, नथुनी प्रसाद प्रजापति, पारस नाथ वर्मा, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, अभय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।