पडरौना। जिले में पंजीकृत 1442 स्कूली वाहनों में से 72 अनफिट वाहन जिले की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग की तरफ से अनफिट स्कूली वाहन संचालकों को अंतिम नोटिस देकर एक सप्ताह के भीतर फिटनेस कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नोटिस में चेताया कि यदि निर्धारित समय के भीतर वाहनों का फिटनेस नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को स्कूल से घर व घर से स्कूल तक पहुंचाने के लिए वाहनों को परिवहन विभाग में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इसके लिए प्रत्येक वाहन को हर छह माह पर आरटीओ कार्यालय से फिटनेस लेनी होती है। जब फिटनेस मिल जाती है, तभी वह स्कूली बच्चों को सफर करा सकते हैं, लेकिन जिले में स्कूली वाहन मालिक फिटनेस की धज्जियां उड़ा रहे हैं। परिवहन विभाग के मुताबिक जिले में 1442 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इसमें अब तक महज 72 मालिकों ने अपने वाहनों की फिटनेस नहीं कराई है। फिटनेस के लिए कई बार आरटीओ कार्यालय बुलाया जा चुका है। परिवहन विभाग के मुताबिक फिटनेस में वाहन की हालत देखी जाती है। संवाद