पटहेरवा। विद्युत उपकेंद्र फाजिलनगर के पटहेरवा फीडर से जुड़े काजीपुर गांव का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से जला है। इसकी वजह से गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। उपभोक्ताओं के लगातार प्रयास के बाद भी अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। नाराज उपभोक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पटहेरवा फीडर के गांव काजीपुर में 63 केबीए का ट्रांसफार्मर लगा था। एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर जल गया। इस गांव निवासी सुरेंद्र यादव, अनिल यादव, विनोद गुप्ता, मुनीब अंसारी, रामबिलास यादव, धर्मेंद्र प्रसाद आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर जल जाने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो गई है। घर में रखे सभी विद्युत उपकरण बेकार हो गए हैं। इस संबंध में जेई अरुण कुमार वर्मा का कहना है कि स्टोर से ट्रांसफार्मर नहीं मिलने की वजह से दिक्कत आ रही है। जल्दी ही ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।