कसया (कुशीनगर)। बृहस्पतिवार को बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के छात्र नेताओं ने समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इन लोगों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन छात्र-छात्राओं के हितों का ख्याल नहीं कर रहा है। इसके चलते कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कालेज के पुस्तकालय मंत्री पंकज राय की अगुवाई में तहसील पहुंचकर एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल को दिए ज्ञापन में छात्रों का आरोप है कि यहां पर कैंटीन सुविधा, पेयजल, शौचालय, दवा की व्यवस्था, प्रोजेक्टर से पढ़ाई, वाई-फाई की सुविधा का अभाव है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कालेज प्रबंधन से बार-बार इसके लिए शिकायत की जाती है, लेकिन केवल आश्वासन ही मिलता है। ज्ञापन सौंपने के बाद छात्रों ने व्यवस्था जल्द नहीं कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान विवेक कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, अमरेश कुशवाहा, पिंटू सिंह, फकरुद्दीन अंसारी सहित अन्य छात्र मौजूद थे।