कप्तानगंज के सुभाष चौक पर कार की चपेट में आने से घायल लोगों को अस्पताल भेजवाती पुलिस।संवाद
कप्तानगंज कस्बे के सुभाष चौक की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। कस्बे के सुभाष चौक पर बृहस्पतिवार की शाम एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए। उन सभी को कप्तानगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उनमें दो की हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
शाम को लगभग छह बजे गोरखपुर से रामकोला की तरफ जा रही एक कार जैसे ही कस्बे के सुभाष चौक पर पहुंची, अनियंत्रित होकर एक खड़ी कार में ठोकर मारते हुए लोगों की भीड़ में जा घुसी। कार की टक्कर से कप्तानगंज कस्बे के वार्ड नंबर-15 निवासी बाबर अली पुत्र कमरुद्दीन (45), कस्बे के ही अबरार अहमद पुत्र फेकू (45), अकरम अली पुत्र सुल्तान (48), कप्तानगंज थाना के ग्राम सभा बभनौली निवासी आरती पत्नी संतोष (30), रामकोला थाना के ग्राम सभा पगार टोला हरदी छपरा नरसिंह पुत्र रामअधार (40), अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भलुही निवासी नेहा पुत्री तिलकधारी (18) और अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के घोघरा निवासी काजल पुत्री छोटेलाल (19) घायल हो गईं।
इन सभी को पुलिस ने एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचसी भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने बाबर अली और अबरार अहमद को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
एसएचओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि दो को रेफर किया गया है। शेष पांच का इलाज होने के बाद घर भेज दिया गया। कार और चालक को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।