सेवरही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 17 में हुए उप चुनाव में 63 प्रतिशत मतदान हुआ
15 अक्तूबर को होगी मतगणना, शांतिपूर्ण तरीके से हुआ मतदान
तमकुहीराज। सेवरही नगर पंचायत के जवाहर नगर वार्ड-17 में महिला सभासद के निधन से रिक्त हुई सीट पर मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। लोकमान्य इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह से ही गहमागहमी रही। नवरात्र के कारण शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार धीमी रही लेकिन बाद में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। 1898 मतदाताओं में से 1196 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह वार्ड में करीब 63 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना 15 अक्तूबर को होगी।
सेवरही नगर पंचायत के जवाहर नगर वार्ड-17 से निर्वाचित सभासद शोभा देवी का बीते छह मई को निधन हो गया था। इसके बाद शासन की ओर से रिक्त सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की गई थी। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए तमकुहीराज के न्यायिक तहसीलदार गोपाल को रिटर्निंग ऑफिसर और दुदही के नायब तहसीलदार राजेश कुमार भारती को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया था। मंगलवार को लोकमान्य इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथ पर मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
पुरुषों के साथ महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान की अवधि समाप्त होने तक कुल 1196 मतदाताओं ने वोट डाले। साथ ही प्रीति देवी, शकुंतला देवी, अंजली देवी और रूबी देवी समेत चार प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद हो गई। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएचओ मनोज कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी अनिल कुमार शर्मा सहित पुलिसकर्मी तैनात रहे।