पडरौना (कुशीनगर)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और देवरिया के सांसद कलराज मिश्र ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में ही साफ कर दिया था कि सत्ता में आने पर छोटे किसानों का फसली ऋण माफ कर देगी। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे और संपूर्ण भारत को भ्रष्टाचार से मुक्त कराया जाएगा। पार्टी की इस घोषणा को अमल में लाने के लिए दूसरे फेज में यह ऋण मोचन कार्यक्रम और रोजगार मेला आयोजित किया गया है।
कलराज मिश्र जनपद मुख्यालय स्थित बुद्धा पार्क में ऋण मोचन कार्यक्रम व रोजगार मेला को दूसरे दिन भी संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों और आम नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें दुर्घटना बीमा का लाभ देने के लिए जीरो बैलेंस पर बैंकों में खाता खोला गया तथा 12 रुपये में दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया। छोटे व्यापारियों के लिए सरकार ने मुद्रा योजना लागू की। हर घर को धुंआमुक्त करने के लिए उज्जवला योजना से लाभांवित किया गया। दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए मिशन इंद्रधनुष प्रारंभ किया गया है।
जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र उर्फ मोती सिंह ने कहा कि जनपद के बेरोजगार नौजवानों को रोजगार देने तथा किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने के लिए यह ऋण मोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। भारत सरकार स्क्लिड डेवलपमेंट के लिए रोजगार आपके द्वार कार्यक्रम लायी है, जिसके तहत यह रोजगार मेला लगाकर युवाओं को रोजगार दिलाया जा रहा है।
डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि जनपद के 92 हजार किसानों का एक लाख रुपये तक का ऋण माफ किया गया है। कुल 249 करोड़ रुपये की कर्जमाफी की गई है। इनमें बिहारी, महेश, तैयब, हीरामन, शीतल प्रसाद, हरिलाल, अलाउद्दीन, जड़ावती, देवनारायण को मंच पर बुलाकर ऋण मुक्ति का प्रमाण पत्र दिया गया। शेष 52 हजार किसानों का कर्ज भी माफ होना है। शुक्रवार के रोजगार मेला में 217 युवाओं को मल्टीनेशनल कंपनियों की तरफ से सेंट थ्रेसेस स्कूल में कैंप लगाकर रोजगार दिया गया। इनमें से अमरजीत प्रसाद, सुमंत कुमार, विपिन पांडेय, चंदन यादव, विजय कुमार शर्मा और अभिषेकधर दुबे को रोजगार के लिए मंच से नियुक्ति पत्र दिया गया। इस कार्यक्रम को सांसद राजेश पांडेय, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, रामानं बौद्घ सहित मंचासीन सभी अतिथियों ने संबोधित किया। इस दौरान हियुवा नेता राजेश्वर सिंह, संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, मारकंडेय शाही, लल्लन मिश्र सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।