पिपरा बाजार(कुशीनगर )। नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। छेड़खानी से तंग आकर शुक्रवार की रात जहरीला पदार्थ खा लेने वाली युवती का रविवार को भी इलाज होता रहा।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की इस युवती ने शुक्रवार की रात कोई विषैला पदार्थ खा लिया। तबीयत खराब होने पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई और युवती को जिला अस्पताल ले गए। पीड़िता के पिता की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि वह अपने ही गांव के एक युवक के बार -बार छेड़छाड़ करने से आजिज आ गई थी। इसलिए उसने विषैला पदार्थ खाकर हमेशा के लिए इस समस्या से निजात पाने की कोशिश की थी।
बहरहाल, युवती के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया। गांव के लोगों ने बताया कि युवती का इलाज जारी है। डॉक्टर ने पीड़ित को खतरे से बाहर बताते हुए जल्दी ही उसके स्वस्थ होने की उम्मीद जताई है। नेबुआ नौरंगिया के एसओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया था, अब उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।