गांधी चौक पर लगा ट्रांसफार्मर फिर जला
अमर उजाला ब्यूरो
कसया।
कस्बे के गांधी चौक स्थित सीओ दफ्तर के बगल में लगा ट्रांसफार्मर सोमवार को फिर जल गया। सीओ के सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग ने जलते हुए ट्रांसफार्मर को नहीं बुझवाया।
सीओ कार्यालय के बगल में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसे रविवार को ठीक कराया गया। सोमवार को सुबह करीब दस बजे यह ट्रांसफार्मर फिर जल गया। अगल-बगल के दुकानदारों ने जल रहे ट्रांसफार्मर के बारे में विभाग को सूचना दी, लेकिन कोई ठीक करने के लिए नहीं पहुंचा। सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी आफिस के बगल में जल रहा ट्रांसफार्मर देखकर विभाग को सूचना दिए। सूचना के कई घंटे बाद भी कोई कर्मचारी नहीं आया तो उन्होंने अपनी गाड़ी भेजकर चालक के जरिए विभाग को जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड को फोन पर सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी ट्रांसफार्मर जलकर बुझ जाने के बाद पहुंची।
कसया कस्बे के दुकानदारों का आरोप है कि प्रदेश की भाजपा सरकार में भी पिछली सरकारों की तरह लापरवाही जारी है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस संबंध में एसडीओ अवनीश कुमार ने कहा कि ईद की वजह से अचानक लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर जल गया है। फिलहाल ठीक कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।