कुशीनगर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या थम नहीं रही है। बुधवार को भी 60 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं जबकि 709 मामले एक्टिव हैं। वहीं, 56 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए जिससे अब तक जिले में 2539 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ हो चुके हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 1865 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 1805 निगेटिव और 60 पॉजिटिव केस हैं। इनमें दुदही क्षेत्र से एक, कसया से पांच, नेबुआ नौरंगिया से 10, पडरौना से सात, सुकरौली से दो, हाटा से चार, खड्डा से चार, तमकुहीरोड से छह, कुबेरस्थान से पांच, रामकोला से दो, सेवरही से चार, फाजिलनगर से चार, विशुनपुरा से एक और अन्य क्षेत्रों से सात लोग शामिल हैं।
अब तक 52355 व्यक्तियों की कोरोना जांच हो चुकी है इसमें से 3273 संक्रमित मिले हैं। 56 मरीज जांच के बाद स्वस्थ मिले, जिन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और मास्क का उपयोग करने की नसीहत के साथ घर भेज दिया गया। अबतक 25 लोगों की कोरोना से जान गई है।
उन्होंने कहा कि सभी सीएचसी, पीएचसी तथा जिला अस्पताल स्थित एमएमसीएच विंग में कोरोना की नियमित जांच की सुविधा उपलब्ध है जिन्हें भी कोरोना से संक्रमित होने का संदेह हो, इन अस्पतालों में पहुंचकर जांच करा सकते हैं।