कुशीनगर जनपद की सीमा से सटे बिहार के बगहां में हुए उपद्रव के मामले में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। कुशीनगर जनपद की सीमा से सटे बिहार प्रांत के बगहां में धार्मिक जुलूस के दौरान हुए उपद्रव में आज पांचवें दिन जनजीवन सामान्य हो गया है। शाम चार बजे से इंटरनेट चालू कर दिया गया है। उस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से 427 नामजद और 1600 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। अब तक 58 लोग गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सोमवार को बिहार प्रांत के बगहां नगर के रतनमाला में धार्मिक यात्रा के समय दो पक्षों में विवाद के बाद पूरा क्षेत्र अराजकता की चपेट में आकर सुलग उठा था। बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई थी। इंटरनेट सेवा बंद करनी पड़ी थी। पुलिस प्रशासन, दोनों पक्षों के प्रभावशाली व्यक्तियों व सामाजिक लोगों के प्रयास से हालात में सुधार हुआ है।
सबकुछ नियंत्रण में आने के बाद अब दोनों पक्षों के अराजक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में 427 नामजद व 1600 अज्ञात के विरुद्ध अलग-अलग सात मुकदमे बगहां नगर थाने में दर्ज किए गए हैं।
बगहां के एसडीपीओ बोले
बगहां के एसडीपीओ कैलाश प्रसाद ने मीडिया से बातचीत करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने व अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। बताया कि अलग-अलग सात मुकदमों में 427 नामजद व 1600 अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बुधवार तक 52 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था, बृहस्पतिवार को छह और गिरफ्तार किए गए। उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई चल रही है। स्थिति सामान्य है।